सुरों के साधकों का जयपुर में महाकुंभ, 125 वरिष्ठ कलाकार सम्मानित
सुरों के साधकों का जयपुर में महाकुंभ, 125 वरिष्ठ कलाकार सम्मानित
पं. विश्व मोहन भट्ट और गुलाबो सपेरा सहित देशभर के दिग्गज कलाकार हुए सम्मानित
जयपुर। हिन्दी दिवस के अवसर पर वरिष्ठ संगीत एवं नृत्य साधकों को समर्पित अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ संगीत कलाकार सम्मान समारोह-2026 सोमवार को शास्त्री नगर स्थित साइंस पार्क ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। समारोह में पद्म भूषण पंडित विश्व मोहन भट्ट, पद्मश्री गुलाबो सपेरा, उस्ताद अनवर हुसैन, आर्टिस्ट रामू रामदेव, हरिहर शरण भट्ट, कथक गुरु राजेंद्र राव और ध्रुपद गायिका विदुषी प्रो. मधु भट्ट तेलंग सहित देशभर से आए 125 वरिष्ठ कलाकारों को सम्मानित किया गया।
डॉ. मीरा पाटोदिया की 78वीं जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह का संयोजन कला मर्मज्ञ आचार्य सत्यनारायण पाटोदिया ने किया। कलाकारों को उनकी जीवनभर की साधना, योगदान और व्यक्तित्व के अनुरूप 125 अलग-अलग उपाधियों और विशिष्ट प्रशस्ति-विवरण के साथ सम्मान-पत्र प्रदान किए गए।
समारोह में मुख्य अतिथि गलता पीठ महंत अवधेशाचार्य जी तथा पद्म भूषण पंडित विश्व मोहन भट्ट उपस्थित रहे। उनके कर-कमलों से वरिष्ठ कलाकारों को सम्मानित किया गया। मंच संचालन डॉ. राम शर्मा, प्राचार्य जयपुर संगीत महाविद्यालय ने किया।आचार्य सत्यनारायण पाटोदिया ने कहा कि कलाकार की साधना ही उसकी सबसे बड़ी पहचान है। समाज प्रसिद्ध कलाकारों को तो पहचानता है, लेकिन अनेक वरिष्ठ साधक ऐसे भी हैं, जिन्होंने बिना प्रचार और अपेक्षा के अपना जीवन संगीत एवं नृत्य को समर्पित किया। यह आयोजन ऐसे ही मौन साधकों को सम्मान और पहचान देने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि संगीत सीखने और सृजन करने की कोई उम्र नहीं होती। 60 वर्ष की आयु के बाद भी कला को जीवन का आधार बनाने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित कर यह संदेश दिया गया कि जीवन के किसी भी पड़ाव पर कला से जुड़कर सृजन और आनंद का नया अध्याय शुरू किया जा सकता है।
आयोजकों के अनुसार वरिष्ठ कलाकारों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। उन्हें लंबे समय तक सभागार में बैठाने के बजाय निर्धारित समय-स्लॉट में बुलाया गया और सम्मान-पत्र प्रदान कर सुविधानुसार घर लौटने की व्यवस्था रखी गई। सम्मान-पत्र 12×18 इंच आकार में गोल्डन फ्रेम और पारदर्शी एक्रेलिक शीट के साथ तैयार किए गए थे। सम्मान ग्रहण करते समय प्रत्येक कलाकार का फोटो भी लिया गया, जिसे अगले दिन उनके मोबाइल पर भेजा जाएगा। समारोह में देश-विदेश के कलाकारों की सहभागिता रही।






Comments