जयपुर में घी के संदिग्ध कारोबार का बड़ा खुलासा: 35 हजार लीटर घी बरामद,

 घी के संदिग्ध कारोबार का बड़ा खुलासा: 35 हजार लीटर घी बरामद, हिमालय डेयरी प्रोडक्ट्स की पूरी फैक्ट्री सीज



सात ब्रांडों के नाम से हो रही थी घी की पैकिंग, बड़े साइलो में हजारों लीटर घी का भंडारण



सफाई केमिकल के नाम पर छिपाकर रखा संदिग्ध फ्लेवर बरामद, घी और फ्लेवर के नमूने जांच के लिए भेजे


तड़के 3:30 बजे मोरीजा और चीथवाड़ी में भी खाद्य सुरक्षा टीम की दबिश, दूध एवं मावा के नमूने लिए


जयपुर 3 नवंबर। राज्य सरकार के 'शुद्ध आहार–मिलावट पर वार' अभियान के तहत मिलावटखोरी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जयपुर प्रथम की खाद्य सुरक्षा टीम ने जयपुर स्थित हिमालय डेयरी प्रोडक्ट्स की घी निर्माण एवं पैकेजिंग फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में करीब 35 हजार लीटर घी पाया गया। गंभीर अनियमितताओं एवं संदिग्ध गतिविधियों के मद्देनजर टीम ने पूरी फैक्ट्री को सीज कर दिया।

निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में राजस्थान सरस, डेयरी ब्रदर्स, श्री किरण सरस, माटुला , चॉइस डेयरी, रघु श्री और गणक सहित सात ब्रांडों के नाम से घी की पैकिंग होती पाई गई। मौके पर 200 एमएल, 500 एमएल, 1 लीटर, 2 लीटर, 5 लीटर एवं 15 लीटर की विभिन्न पैकिंग में घी मिला। इसके अतिरिक्त बड़े-बड़े साइलो में हजारों लीटर घी पैकिंग के लिए भंडारित पाया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने घी के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भिजवाए हैं।

सफाई केमिकल के नाम पर छिपाकर रखा संदिग्ध फ्लेवर बरामद

निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री परिसर में घी का संदिग्ध फ्लेवर भी बरामद हुआ, जिसे कथित तौर पर सफाई में इस्तेमाल होने वाले केमिकल के नाम पर छिपाकर रखा गया था। टीम ने फ्लेवर के नमूने भी जांच के लिए लिए हैं। घी में कृत्रिम सुगंध के संभावित इस्तेमाल एवं मिलावट की आशंका को देखते हुए कच्चे माल, निर्माण प्रक्रिया और संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।

खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित नहीं मिला, सातों ब्रांडों की प्रामाणिकता जांच के दायरे में

निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री परिसर में खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित नहीं पाया गया। टीम द्वारा सातों ब्रांडों की पैकेजिंग, लेबलिंग, निर्माण संबंधी दस्तावेजों एवं ब्रांड नामों के उपयोग की वैधता की जांच की जा रही है। मौके पर मिली गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए निर्माण एवं पैकेजिंग इकाई सहित पूरी फैक्ट्री को सीज किया गया।

तड़के 3:30 बजे मोरीजा एवं चीथवाड़ी में डेयरी और मावा इकाइयों पर दबिश

इसी अभियान के तहत जयपुर प्रथम की खाद्य सुरक्षा टीम ने चौमूं क्षेत्र के मोरीजा एवं चीथवाड़ी में तड़के 3:30 बजे डेयरी एवं मावा निर्माण इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। टीम ने शकर दुला मावा पनीर भंडार, AKD एंटरप्राइजेज, SDS मावा पनीर भंडार तथा बाबूलाल मावा पनीर उद्योग का निरीक्षण किया।

बाबूलाल मावा पनीर उद्योग में पाउडर से मावा तैयार किए जाने की प्रक्रिया को भी जांच के दायरे में लिया गया। निरीक्षण के दौरान दूध प्रसंस्करण, मावा निर्माण प्रक्रिया, स्वच्छता, कच्चे माल की गुणवत्ता एवं भंडारण व्यवस्था की जांच की गई। विभिन्न प्रतिष्ठानों से मावा एवं दूध के प्रवर्तन (Act) और सर्विलांस नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई

यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान श्री अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार तथा डॉ. रवि शेखावत, अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर प्रथम के नेतृत्व में की गई।

खाद्य सुरक्षा टीम के अनुसार घी, फ्लेवर, मावा एवं दूध के नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट तथा संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जयपुर प्रथम की खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Comments

Popular posts from this blog

जानिए छिपकली से जुड़े शगुन-अपशगुन को

जानिए नहाने के साबुन का किस्मत कनेक्शन--पंडित दयानंद शास्त्री

चेन्नई में ज्योतिषाचार्य दिलीप नाहटा का हुआ सम्मान