जयपुर कलेक्टर संदेश नायक के आश्वासन के बाद नर्सेज का उग्र प्रदर्शन स्थगित
जयपुर कलेक्टर संदेश नायक के आश्वासन के बाद नर्सेज का उग्र प्रदर्शन स्थगित, धरना जारी
जयपुर, 9 जुलाई। संविदा नर्सेज की लंबित मांगों को लेकर संयुक्त नर्सेज संघर्ष समिति ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सर्किल पर प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर संदेश नायक को ज्ञापन सौंपा। वार्ता के दौरान कलेक्टर ने स्व. दीपक खारवाल की पत्नी को नियुक्ति, आर्थिक सहायता तथा हटाए गए संविदा नर्सेज को आवश्यकता के अनुसार पुनः सेवा में लेने सहित अन्य मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।
संयुक्त नर्सेज संघर्ष समिति के प्रदेश संयोजक नरेंद्र सिंह शेखावत, राजेंद्र राणा, पवन कुमार, के.के. यादव, विनीता शेखावत, जे.पी. कसवा, हरि सिंह भाटी, पुरुषोत्तम कुंभज, विमल शर्मा और महेश जाट ने बताया कि कलेक्टर के आश्वासन पर विश्वास जताते हुए फिलहाल घेराव और उग्र प्रदर्शन स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, पूरे राजस्थान में धरना मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा।
समिति ने बताया कि स्व. दीपक खारवाल की मृत्यु को 27 दिन बीत जाने के बावजूद मांगों पर निर्णय नहीं होने से आंदोलन जारी है। गुरुवार को एसएमएस मेडिकल कॉलेज के बाहर 27वें दिन भी राकेश यादव, तारावती जाखड़, राकेश नेहरा, गुड्डी सैनी और अशोक यादव के नेतृत्व में धरना जारी रहा।
समिति ने यह भी दावा किया कि मांगें पूरी नहीं होने से स्व. दीपक खारवाल की चार माह की गर्भवती पत्नी करिश्मा ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया, जिनका एसएमएस अस्पताल में उपचार चल रहा है। यह दावा आंदोलनकारी समिति की ओर से किया गया है।




Comments