परिवहन निरीक्षकों का कार्य बहिष्कार जारी रहेगा
परिवहन निरीक्षकों का कार्य बहिष्कार जारी रहेगा
जयपुर । राजस्थान परिवहन निरीक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को परिवहन आयुक्त से मुलाकात कर कोटा में परिवहन निरीक्षक मुन्नीद सिंह के साथ कथित दुर्व्यवहार, मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में कार्रवाई की मांग की।
संघ ने मांग की कि कोटा थाना प्रभारी मुन्नीद सिंह को तत्काल निलंबित किया जाए, पीड़ित परिवहन निरीक्षक की एफआईआर दर्ज हो तथा दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई की जाए।
संघ के अनुसार, 20 अगस्त 2022 को भी कोटा में मुन्नीद सिंह पर नर्सिंगकर्मियों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार के आरोप लगे थे। इसके विरोध में नर्सिंगकर्मियों ने धरना-प्रदर्शन किया था, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति हो रही है। संघ ने 6 जुलाई 2026 को कोटा थाना क्षेत्र में दो अधिकारियों पर भी कथित अभद्र व्यवहार और मारपीट के आरोप लगाए।
परिवहन आयुक्त ने संघ की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि बैठक में किसी मांग पर ठोस निर्णय नहीं हो सका।
संघ ने स्पष्ट किया कि जब तक दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती और पीड़ित निरीक्षक को न्याय नहीं मिलता, तब तक परिवहन निरीक्षकों का कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।

Comments