कानोता थाना प्रकरण पर परिवहन निरीक्षकों का कार्य बहिष्कार जारी, मंत्रालयिक कर्मचारी संघ का भी समर्थन
कानोता थाना प्रकरण पर परिवहन निरीक्षकों का कार्य बहिष्कार जारी, मंत्रालयिक कर्मचारी संघ का भी समर्थन
जयपुर। कानोता थाना प्रकरण में न्याय की मांग को लेकर राजस्थान परिवहन निरीक्षक संघ का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार मंगलवार को भी जारी रहा। परिवहन कार्यालय, जगतपुरा में प्रदेशभर से करीब 100 परिवहन निरीक्षक एवं उपनिरीक्षक एकत्रित हुए और आंदोलन की आगामी रणनीति पर चर्चा की।
संघ ने निर्णय लिया कि परिवहन निरीक्षक नवल किशोर मीणा के साथ कथित मारपीट एवं दुर्व्यवहार मामले में निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कानूनी कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज होने तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
इस दौरान राजस्थान परिवहन मंत्रालयिक कर्मचारी संघ ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग के आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। संघ ने विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान और भयमुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की।
परिवहन निरीक्षक संघ ने कहा कि यह मामला केवल एक अधिकारी का नहीं, बल्कि पूरे परिवहन विभाग के कर्मचारियों के सम्मान और सुरक्षा से जुड़ा है। न्याय मिलने तक आंदोलन और कार्य बहिष्कार जारी रखने की घोषणा की गई।

Comments