आमेर के विकास हेतु समर्पित एवं प्रतिबद्धः डॉ. सतीश पूनियां
कार्यालय संवाददाता
जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने आज मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र आमेर के जालसू में ढाई करोड़ की लागत से नवनिर्मित पंचायत समिति कार्यालय का उद्घाटन कियाप्रदेशाध्यक्ष डॉ. पूनियां ने इस कार्य को आमेर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं, मंडल अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं बूथ अध्यक्षों को सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। डॉ. पूनियां ने बताया पूर्व भाजपा की सरकार ने नवनिर्मित पंचायत समिति जालसू के लिए ढाई करोड़ की राशि स्वीकृत की थी। इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एवं पूर्व पंचायती राज मंत्री राजेंद्र राठौड़ का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। डॉ. पूनियां ने नवनिर्मित पंचायत समिति भवन उद्घाटन में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा आज क्षेत्रवासियों को बड़ी सुविधा मिली है, इस बात की हम सबको प्रसन्नता है। आमेर के सर्वांगीण विकास के उत्तरदायित्व को मैं हर कीमत पर निभाता रहूंगा। आमेर के विकास के लिए पूर्ण रूप से समर्पित हूं। इस के सम्पूर्ण विकास हेतु प्रतिबद्ध हूं। मैं आप सब लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि क्षेत्र में विकास कार्यों की कमी नहीं होने दूंगा। आमेर की जनता की सेवा के लिए ना कभी मेरे पास समय का अभाव होगा और ना ही अवसरों का।डॉ. पूनियां ने भारत के लोकतंत्र का जिक्र करते हुये कहा कि सबको अभिव्यक्ति की आजादी है। किसी प्रकार की कोई भी समस्या हो, उसका समाधान मंच से, गांव से या ग्राम सभा के माध्यम से या फिर सदन से भी हो सकता है। यह हमारे लोकतंत्र की खुबसूरती है। भारत अनोखा देश है, जिसमें विविधता है, बहुत सारी विषमताएं होने के बाद भी एक जाजम पर बैठकर गांव व समाज की समस्याओं की बात कर सकते है। डॉ. पूनियां ने राज्य सरकार, अधिकारी एवं कर्मचारियों को भी धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि इन सबके सहयोग से नवनिर्मित पंचायत समिति भवन का शुभारंभ हुआ है।
Comments