महिला सुरक्षा संकल्प अभियान में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
महिला सुरक्षा संकल्प अभियान में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
चंदवाजी में डिकॉय ऑपरेशन चलाकर मनचले को किया गिरफ्तार
जयपुर। जयपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत चंदवाजी क्षेत्र में विशेष डिकॉय ऑपरेशन चलाकर महिलाओं और छात्राओं से अभद्र व्यवहार करने वाले एक मनचले को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों, स्कूल और कॉलेज के आसपास निगरानी रखी तथा महिलाओं को राजकॉर्प सिटिजन एप एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी।
पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर महिलाओं की सुरक्षा एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक SIUCAW बुजमोहन के निर्देशन में मानव तस्करी विरोधी यूनिट की उप निरीक्षक श्रीमती रेखा यादव, थाना चंदवाजी के हरिराम सर्जन तथा कालिका टीम के नेतृत्व में सादा वर्दी में पुलिस टीम गठित की गई।
टीम ने कस्बा चंदवाजी स्थित सरकारी स्कूल के पास खेल मैदान क्षेत्र में निगरानी की, जहां कुछ युवक राह चलती महिलाओं और छात्राओं पर फब्तियां कसते पाए गए। पुलिस को देखकर युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम विक्रम सिंह पुत्र बोटूराम जाट निवासी कंवरपुरा थाना चंदवाजी जिला जयपुर ग्रामीण बताया।
पुलिस के अनुसार युवक महिलाओं पर फब्तियां कसने और पुलिस जाप्ते के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा, जिस पर शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
जयपुर ग्रामीण पुलिस ने बताया कि ऐसे डिकॉय ऑपरेशन आगे भी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, मॉल, पार्क एवं शिक्षण संस्थानों के आसपास लगातार चलाए जाएंगे। साथ ही महिलाओं से आपात स्थिति में राजकॉर्प सिटिजन एप के एसओएस फीचर एवं महिला हेल्पलाइन 1090 का उपयोग करने की अपील की गई।

Comments