श्री बी.एल. मीना : कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता की प्रेरक पहचान
श्री बी.एल. मीना : कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता की प्रेरक पहचान
जयपुर । राजस्थान के बारां जिले की छीपाबड़ौद तहसील के ग्राम दीगोद जागीर में 7 अगस्त 1966 को जन्मे श्री बी.एल. मीना ने अपने समर्पण, कर्मठता और उत्कृष्ट कार्यशैली से राजस्थान आवासन मण्डल में एक विशिष्ट पहचान स्थापित की। 29 अगस्त 1992 को जोधपुर में प्रथम नियुक्ति से प्रारंभ हुई उनकी गौरवपूर्ण प्रशासनिक यात्रा 31 अगस्त 2026 को उप आवासन आयुक्त के पद से सेवानिवृत्ति के साथ पूर्ण होगी।
अपने सेवा जीवन में उन्होंने प्रत्येक दायित्व को केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनहित और संस्थान के प्रति समर्पित सेवा का अवसर माना। परियोजना अभियंता (सिविल) के रूप में जोधपुर के ऐतिहासिक बरकतुल्लाह खाँ स्टेडियम के दोनों पेवेलियनों का निर्माण निर्धारित समय में उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर उन्होंने अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उन्हें वर्ष 2002 में गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजस्थान सरकार द्वारा सम्मानित किया गया। इसके पश्चात 15 अगस्त 2003 को राजस्थान आवासन मण्डल मुख्यालय ने भी उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रशासनिक दक्षता का एक और उत्कृष्ट उदाहरण नायला आवासीय योजना में देखने को मिला, जहाँ वर्षों से लंबित 750 आवासों का चरणबद्ध निस्तारण उन्होंने अत्यंत कम समय में नीलामी के माध्यम से कराया। एक ही दिन में 71 मकानों की सफल नीलामी कर उन्होंने राजस्थान आवासन मण्डल के इतिहास में एक उल्लेखनीय रिकॉर्ड स्थापित किया।
श्री मीना का व्यक्तित्व केवल एक कुशल अधिकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि वे सादगी, अनुशासन, पारदर्शिता और मानवीय संवेदनाओं के प्रतीक रहे हैं। उनके नेतृत्व, निर्णय क्षमता और सकारात्मक कार्यशैली ने सहकर्मियों एवं अधीनस्थ कर्मचारियों के बीच उन्हें सदैव सम्मान का पात्र बनाया।
उनका परिवार भी शिक्षा, संस्कार और उत्कृष्ट उपलब्धियों का प्रतीक है। उनके पाँचों भाई केन्द्र एवं राज्य सरकार में अधिकारी पदों पर अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। उनके दोनों पुत्र सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर रहे हैं तथा दोनों पुत्रवधुएँ भी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देकर परिवार का गौरव बढ़ा रही हैं।
आगामी 31 अगस्त को सेवानिवृत्ति के इस गौरवपूर्ण अवसर पर राजस्थान आवासन मण्डल परिवार एवम इनके शुभचिंतक उनके लगभग 34 वर्षों के समर्पित, निष्कलंक एवं प्रेरणादायी सेवाकाल को विनम्र नमन करता है। हम उनके स्वस्थ, सुखमय, सक्रिय एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करते हैं तथा विश्वास व्यक्त करते हैं कि उनका अनुभव और मार्गदर्शन समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

Comments