मुख्यमंत्री से मिला महासंघ एकीकृत का प्रतिनिधिमंडल

 मुख्यमंत्री से मिला महासंघ एकीकृत का प्रतिनिधिमंडल, 



      कर्मचारियों की समस्याओं पर हुई विस्तार से चर्चा

जयपुर। कर्मचारी महासंघ (एकीकृत) के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात कर प्रदेश के कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों और मांगों को उनके समक्ष रखा। गजेन्द्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में नवीन भर्तियों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई।

मुख्यमंत्री निवास से बुलावा मिलने पर प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री आवास पहुंचा। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कर्मचारियों से जुड़े कई मामले लंबे समय से लंबित हैं, जिनके समाधान से प्रदेश के हजारों कर्मचारियों को राहत मिल सकती है।

वेतनमान सहित कई मुद्दे उठाए

बैठक में चयनित वेतनमान 8-16-24-32 को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा संविदा एवं ठेका कर्मचारियों के लिए कंपनी गठन, मंत्रालयिक कर्मचारियों की वेतन विसंगति तथा वाहन चालक-तकनीकी कर्मचारी संवर्ग की वेतन संबंधी विसंगतियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने जनता जल कर्मचारियों को नियमित करने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से सेवाएं दे रहे इन कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए नियमितीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाया जाना जरूरी है।

कर्मचारी हितों में समाधान की उम्मीद

महासंघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को कर्मचारियों की अन्य समस्याओं से भी अवगत कराया और इनके शीघ्र समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सरकार कर्मचारी हितों को ध्यान में रखते हुए लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।

प्रतिनिधिमंडल में महासंघ के महामंत्री मोहनलाल शर्मा, वाहन चालक तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष अजयवीर सिंह, राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष शेर सिंह यादव तथा संयुक्त वित्त मंत्री ओमप्रकाश चौधरी शामिल रहे। महासंघ पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ हुई मुलाकात सकारात्मक रही और कर्मचारियों की मांगों के समाधान को लेकर उन्हें उम्मीद जगी है।

Comments

Popular posts from this blog

जानिए छिपकली से जुड़े शगुन-अपशगुन को

जानिए नहाने के साबुन का किस्मत कनेक्शन--पंडित दयानंद शास्त्री

चेन्नई में ज्योतिषाचार्य दिलीप नाहटा का हुआ सम्मान