पेनल्टी का दबाव बनाकर 15 हजार की रिश्वत
पेनल्टी का दबाव बनाकर 15 हजार की रिश्वत, केंद्र सरकार का वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी डिटेन
फर्म पर कार्रवाई का डर दिखाकर मांगी थी रकम, ट्रैप के दौरान किडनी संबंधी बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए मिनिस्ट्री ऑफ स्टेटिक्स एंड प्रोग्राम इम्प्लीमेंटेशन, भारत सरकार के वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी मुकेश माल्या को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों डिटेन किया। एसीबी के अनुसार आरोपी ने जयपुर की ग्रीन माउंटेन जेम्स प्राइवेट लिमिटेड पर पेनल्टी लगाने का दबाव बनाते हुए रिश्वत मांगी थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी जयपुर नगर चतुर्थ की टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की। इसी दौरान आरोपी को 15 हजार रुपये लेते पकड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी ने किडनी संबंधी बीमारी का उपचार चलने की जानकारी दी। इसके बाद उसे गणगौरी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों द्वारा रेफर किए जाने पर उसे एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार जारी है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments