कारखाना एवं बॉयलर्स निरीक्षण विभाग के निरीक्षक 20,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
कारखाना एवं बॉयलर्स निरीक्षण विभाग का निरीक्षक 20,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
जयपुर 28 सितंबर । ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर ए.सी.बी. चौकी जयपुर नगर तृतीय, जयपुर इकाई द्वारा सोमवार ट्रेप कार्यवाही करते हुए मोहित शर्मा हाल निरीक्षक, कार्यालय निरीक्षक, कारखाना एवं बॉयलर्स, निरीक्षण विभाग, सीकर को 20,000 रुपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ए.सी.बी. चौकी जयपुर नगर तृतीय को शिकायत प्राप्त हुई कि परिवादी की श्रीराम टिम्बर, फर्निचर फैक्ट्री, तारानगर का आरोपी मोहित शर्मा द्वारा निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान 04 पूर्तियोग्य कमियां निकाली गईं। परिवादी द्वारा उक्त कमियों की पूर्ति करने के पश्चात भविष्य में अन्य कमियां नहीं निकालने की एवज में आरोपी द्वारा 20 से 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर परिवादी को परेशान किया जा रहा था।
शिकायत के सत्यापन के दौरान 24 सितंबर को आरोपी 30 हजार रुपये की रिश्वत राशि की मांग की गई तथा बाद में 25,000 रुपये रिश्वत के रूप में लेने की सहमति व्यक्त की गई।
इस पर ए.सी.बी. उपमहानिरीक्षक पुलिस-द्वितीय, जयपुर ओमप्रकाश मीणा के सुपरवीजन में ए.सी.बी. जयपुर नगर तृतीय के ज्ञान प्रकाश नवल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में ट्रेप कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान आरोपी मोहित शर्मा, निरीक्षक, कार्यालय निरीक्षक, कारखाना एवं बॉयलर्स, निरीक्षण विभाग, सीकर को परिवादी से 20,000 रुपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती एस. परिमला के सुपरवीजन में आरोपी मोहित शर्मा से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।

Comments