अरस्तु ने शिक्षा मंत्री व अतिरिक्त मुख्य सचिव स्कूल शिक्षा को भेजा ज्ञापन
अरस्तु ने शिक्षा मंत्री व अतिरिक्त मुख्य सचिव स्कूल शिक्षा को भेजा ज्ञापन :
प्रदेश के तापमान के मद्देनजर ,अक्टूबर माह तक विद्यालय समय यथावत - (प्रातः7:30 से दोपहर 1 :00)रखने की मांग:अरस्तु
जयपुर । अखिल राजस्थान विद्यालय शिक्षक संघ (अरस्तु)के प्रदेश अध्यक्ष रामकृष्ण अग्रवाल ने माननीय शिक्षा मंत्री जी व अतिरिक्त मुख्य सचिव स्कूल शिक्षा को ज्ञापन भेज कर उनका ध्यान आकर्षित कर कहां कि , वर्तमान में राजस्थान में अपेक्षाकृत कम वर्षा होने के कारण अक्टूबर माह में भी तापमान34 से 38 डिग्री बने रहने की संभावना है।
ऐसी परिस्थितियों में विद्यालय समय प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक किया जाना विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए असुविधाजनक एवं स्वास्थ्य की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
संगठन ने आगे कहा कि शिक्षकों, शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों व मौसम विभाग से चर्चा करने पर व्यापक रूप से यह निष्कर्ष सामने आया है कि अक्टूबर माह में भी विद्यालय समय को यथावत(प्रातः 7:30 से दोपहर 1:00)रखा जाना चाहिए , तथा विद्यालय के समय मे परिवर्तन मौसम की परिस्थितियाँ सामान्य होने के पश्चात किया जाए।
अत्यधिक गर्मी में दोपहर के समय विद्यालय संचालन से विद्यार्थियों की एकाग्रता, स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। साथ ही दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों, शिक्षिकाओं एवं शिक्षकों को भी अनावश्यक कठिनाई का सामना करना पड़ेगा ।
अरस्तु के प्रदेश प्रवक्ता देवकरण गुर्जर ने कहा कि शिक्षक समुदाय, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के व्यापक हित को दृष्टिगत रखते हुए संगठन ने पूरजोर शब्दों में मांग की है कि अक्टूबर माह में विद्यालय समय पूर्ववत रखा जाए।

Comments