अस्पतालों की कैंटीन एवं किचन से लिए नमूने
अस्पतालों की कैंटीन एवं किचन से लिए नमूने
जयपुर 28 सितम्बर। फूड सेफ्टी एंड ड्रग कंट्रोल विभाग द्वारा चलाए जा रहे शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त मुख्य सचिव गायत्री राठौड़ एवं आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर हॉस्पिटलों में संचालित कैंटीन एवं पेशेंट मेस के विशेष अभियान के तहत सोमवार को सी एम एच ओ जयपुर द्वितीय की फूड सेफ्टी टीम ने टोंक रोड स्थित कोकून हॉस्पिटल, होप हॉस्पिटल, ईएचसीसी हॉस्पिटल जवाहर सर्किल, सी के बिरला हॉस्पिटल गोपालपुरा, साकेत हॉस्पिटल मानसरोवर की कैंटीन एवं मेस किचन का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि कोकून हॉस्पिटल के किचन में अनेक कमियां पाई गई। फूड कलर रखे हुए थे, तैयार खाद्य सामग्री पर दिनांक अंकित नहीं थी, चपाती रखने के केसरोल टूटे हुए थे जिनमें वाशिंग पाउडर जमा हुआ था, उपयोग में लिए जा रहे काजू की क्वालिटी अच्छी नहीं थी,खाद्य सामग्री ढकी हुई नहीं थी, चार दिन तक ग्रेवी को फ्रोज़न रखा गया था,अनेक तैयार खाद्य आइटम ढके हुए नहीं थे,सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई।
मौके से ग्रेवी,काजू,दही के नमूने जांच हेतु लिये गए।
कोकून हॉस्पिटल तथा साकेत हॉस्पिटल के कैंटीन संचालक एजेंसी को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के अन्तर्गत फर्म को इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया जायेगा।
ईएचसीसी हॉस्पिटल की कैंटीन से रिफाइंड सोयाबीन तेल, होप हॉस्पिटल से सब्जी और दाल के नमूने लिए गए। सी के बिड़ला हॉस्पिटल से दलिया, खिचड़ी, सांभर दाल का, साकेत हॉस्पिटल से खाद्य तैल, पनीर और तैयार दाल का नमूना लिया गया। इन नमूनों की जांच रिपोर्ट लैब से प्राप्त होने पर, तदनुसार अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
इसी क्रम में उप जिला अस्पताल सांभर के निरीक्षण के पेयजल टंकी की सफाई का रिकॉर्ड देखा गया। प्रसूताओं के लिए दलिया एवं नाश्ता तैयार करने वाली किचन का निरीक्षण किया गया। साथ ही कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस रिकॉर्ड व किचन की हाइजीन एवं स्वच्छता व्यवस्था भी देखी गई।
इसी प्रकार एसडीएच चाकसू एवं लाइफ केयर हॉस्पिटल के बाहर स्थित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। बीएमबी स्वीट से मिल्क कैक जलेबी बेसन लड्डू बनवारी किराना स्टोर से घी का नमूना लिया गया। अस्पताल के बाहर स्थित विभिन्न ठेलो पर लगभग 30 लीटर पानी पताशी का कलर घोल एंड चटनी नष्ट कराया। इन नमूनों की जांच रिपोर्ट लैब से प्राप्त होने पर, तदनुसार अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



Comments