बनाए ट्रिपल इंजन सरकार: भजनलाल शर्मा
डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को निकायों तक पहुंचाने के लिए भाजपा को दें समर्थन, बनाए ट्रिपल इंजन सरकार: भजनलाल शर्मा
गहलोत ने तुष्टिकरण को दिया था बढ़ावा, जयपुर, जोधपुर और कोटा में बना दिए थे 2—2 निगम, भाजपा ने एक शहर— एक निगम किया:— भजनलाल शर्मा
निकाय चुनाव में बनेगा ट्रिपल इंजन का मजबूत आधार, “विकसित जयपुर, विकसित निकाय और विकसित राजस्थान” के संकल्प को करेंगे पूरा:— भजनलाल शर्मा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान विकास के पथ पर लगातार बढ़ रहा है आगे:— मदन राठौड़
जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी एवं प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का विशाल रोड शो
जयपुर, 9 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी की ओर से जयपुर में बुधवार को रोड शो निकाला गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी, चुनाव सह प्रभारी रोहन गुप्ता ने सांगानेरी गेट स्थित हनुमान मंदिर से लेकर त्रिपोलिया गेट तक भव्य रोड शो निकाला। इस दौरान सभी ने सांगानेर गेट स्थित हनुमान मंदिर में पूजन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। रोड शो में भाजपा जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान में निकाय चुनाव को लेकर उत्साह और उमंग का वातावरण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। भाजपा सरकार ने ढाई वर्ष के कार्यकाल में ऐसे अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जो पिछले कई दशकों में नहीं हो पाए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुरवासियों से अपील करते हुए कहा कि निकाय चुनाव केवल एक प्रतिनिधि चुनने का चुनाव नहीं है, बल्कि अगले पांच वर्षों के लिए शहर के विकास की दिशा तय करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जिस तरह हम 25 या 50 रुपए की मटकी खरीदते समय भी उसे ठोक-बजाकर देखते हैं, उसी तरह पांच वर्ष के लिए निकाय की सरकार चुनते समय भी उसके काम और नीयत को परखना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को किसी के बहकावे में नहीं आना है और जाति-पाति से ऊपर उठकर मतदान करना है। अपने शहर, अपने गांव, अपने जिले और अपने प्रदेश के विकास के लिए मतदान करें। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे घर से निकलें, मतदान करें और विकास एवं सुशासन के लिए भाजपा के पक्ष में अपना समर्थन दें। जाति-पाति से ऊपर उठकर विकास के लिए मतदान करें
भाजपा सरकार ने लव—जिहाद, तुष्टिकरण और धर्मान्तरण से दिलाई निजात
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने लव जिहाद, तुष्टिकरण और धर्मान्तरण से निजात दिलाने का काम किया है। जयपुर सहित पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार ने प्रभावी कदम उठाए हैं। धर्मांतरण के विरुद्ध कानून सहित विभिन्न कदमों के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का काम किया गया है। पिछली सरकार के समय जैसी घटनाएं होती थीं, अब उन्हें किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पूर्व में परकोटे से बाहर भेज दिया गया था, उनके हितों की रक्षा के लिए डिस्टर्ब्ड एरिया एक्ट लाया गया है। प्रदेशवासियों को भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। किसी भी व्यक्ति को परेशान करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून तोड़ने वालों के लिए जेल का रास्ता खुला है। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि पिछली सरकार ने जयपुर, कोटा और जोधपुर में दो-दो नगर निगम बनाए थे। भाजपा सरकार ने तुष्टीकरण की राजनीति को समाप्त करते हुए तीनों शहरों में एक-एक नगर निगम रखने का निर्णय लिया है। एक शहर में एक नगर निगम होने से प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनेगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में लूट और झूठ की राजनीति की। जनता अब पिछली सरकार और वर्तमान सरकार के कामकाज की तुलना कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन विकास कार्यों और परियोजनाओं के केवल वादे किए गए थे, भाजपा सरकार उन्हें धरातल पर उतारने का काम कर रही है।
भाजपा सरकार ने दशकों से अटके कार्यों को प्रदान की गति
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में पिछले दशकों से अटके हुए विभिन्न कार्यों को पूर्ण करने का काम किया है। प्रदेश में जल संकट के समाधान के लिए ईआरसीपी, यमुना जल, गंग नहर, देवास योजना, सोम-माही और ब्राह्मणी जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। राजस्थान के हर हिस्से में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। वहीं बिजली के क्षेत्र में भी राजस्थान आज आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। पिछली सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में लगभग 3,900 मेगावाट बिजली उत्पादन हुआ, जबकि हमारी सरकार ने 2.5 साल में करीब 12 हजार मेगावाट उत्पादन क्षमता बढ़ाने का काम किया है। राजस्थान अब बिजली लेने वाला नहीं, बल्कि बिजली देने वाला प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस लगातार युवाओं को रोजगार देने के भाजपा सरकार के प्रयासों पर सवाल उठाती रही, लेकिन हमारी सरकार ने अपने कार्यकाल में 1.79 लाख नियुक्ति पत्र युवाओं को प्रदान किए हैं। 1.22 लाख पदों की भर्ती प्रक्रिया में है और लगभग 70 हजार पदों की विज्ञप्तियां जारी की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने साबित किया है कि “मोदी है तो मुमकिन है” और भाजपा जो कहती है, उसे पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती है। हमारी सरकार ने ढाई वर्ष में पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित की है। अब तक आयोजित 450 से अधिक परीक्षाओं में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। वहीं पिछली सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं के मामलों में 600 से अधिक लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जयपुर में मेट्रो के विस्तार को लेकर भी भाजपा सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। जहां पिछली सरकार के समय सीमित दूरी के मेट्रो कार्य का उद्घाटन किया गया था, वहीं भाजपा सरकार ने करीब 45 किलोमीटर मेट्रो परियोजना के कार्य को आगे बढ़ाया है। इससे जयपुर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा और शहरवासियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।
निकाय चुनाव में बनेगा ट्रिपल इंजन का मजबूत आधार
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की डबल इंजन सरकार विकास के लिए लगातार काम कर रही है। केंद्र से आने वाले संसाधनों के साथ निकायों और पंचायतों में भी विकास के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध कराया जा रहा है। अब नगर निकायों और पंचायतों में भाजपा का तीसरा इंजन जुड़ने से विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने कहा कि “विकसित जयपुर, विकसित निकाय और विकसित राजस्थान” के संकल्प को पूरा करने के लिए भाजपा को मजबूत करना आवश्यक है। निकायों में भाजपा के जनप्रतिनिधि चुने जाने से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाने में और तेजी आएगी। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि भाजपा का जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनता है। सार्वजनिक हित का जो भी काम सामने आएगा, उसे प्राथमिकता के साथ पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। हमारी सरकार जनता के प्रति संवेदनशील है और जनता की भावनाओं के साथ मिलकर विकास का कार्य कर रही है।
Comments