E20 एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल नीति के खिलाफ जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल का ऐलान
E20 एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल नीति के खिलाफ जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल का ऐलान
एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल नीति के खिलाफ कांग्रेस नेता एवं पूर्व भारतीय युवा कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता रोबिन माईकल ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। माईकल ने घोषणा की है कि वह अपने साथियों के साथ 18 सितंबर 2026 को जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे। आंदोलन के लिए दिल्ली पुलिस से अनुमति मांगी गई है।
माईकल ने कहा कि पिछले करीब दो महीनों से वह अपने साथियों के साथ E20 एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल नीति को लेकर दिल्ली और हरियाणा में लगातार विरोध प्रदर्शन और जनजागरूकता अभियान चला रहे हैं। उनके मुताबिक, इस दौरान नितिन गडकरी के आवास, दिल्ली भाजपा कार्यालय समेत दिल्ली की आठ अन्य प्रमुख जगहों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए गए।
उन्होंने कहा कि E20 का मुद्दा अब केवल पेट्रोल में एथेनॉल ब्लेंडिंग का तकनीकी विषय नहीं रह गया है, बल्कि इसका असर वाहन मालिकों, किसानों और आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों से भी जुड़ा है। ऐसे में सरकार को नीति के आर्थिक, तकनीकी और उपभोक्ता संबंधी प्रभावों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
चार प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन
रोबिन माईकल ने 18 सितंबर के आंदोलन के लिए चार प्रमुख मांगें सामने रखी हैं।
1. E20 नीति को वापस लिया जाए
माईकल ने E20 के अनिवार्य प्रयोग पर तत्काल पुनर्विचार करने और जनता की चिंताओं को देखते हुए नीति को वापस लेने की मांग की है।
2. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के इस्तीफे की मांग
उन्होंने E20 नीति को लेकर उठ रहे सवालों और विवादों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के इस्तीफे की मांग की है।
3. कथित कारोबारी हितों की निष्पक्ष जांच हो
माईकल ने E20 नीति से जुड़े कथित कारोबारी लाभ और संभावित हितों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। इसमें नितिन गडकरी के पुत्रों से जुड़े संभावित कारोबारी हितों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों की जांच भी शामिल है। उन्होंने जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक करने की मांग की है।
4. उपभोक्ताओं को एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल और प्योर पेट्रोल में विकल्प मिले
उन्होंने मांग की है कि भविष्य में E20 या किसी भी हाई एथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल को लागू करने से पहले स्वतंत्र वैज्ञानिक और टेक्निकल टेस्टिंग कराई जाए। साथ ही पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल और प्योर पेट्रोल में से अपनी जरूरत के अनुसार विकल्प चुनने की सुविधा दी जाए।
माईकल का कहना है कि यदि ब्लेंडेड फ्यूल से उपभोक्ता को वास्तविक आर्थिक लाभ होता है, तो उसका फायदा फ्यूल की कीमत में भी दिखाई देना चाहिए।
“हम वैकल्पिक ईंधन के खिलाफ नहीं”
रोबिन माईकल ने कहा, “हम विकास या वैकल्पिक ईंधन के खिलाफ नहीं हैं। हमारा सवाल नीति लागू करने के तरीके को लेकर है। जनता, वाहन मालिकों और किसानों से जुड़े किसी भी बड़े फैसले से पहले पर्याप्त साइंटिफिक टेस्टिंग, ट्रांसपेरेंसी और कंज्यूमर को विकल्प मिलना जरूरी है।”
उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पार्टी के विभिन्न संगठनों, किसानों, युवाओं, वाहन मालिकों और आम नागरिकों से 18 सितंबर को जंतर-मंतर पहुंचकर शांतिपूर्ण आंदोलन का समर्थन करने की अपील की।
Comments