जेएसएससी प्रिंसिपल्स कॉन्क्लेव 2.0 संपन्न

        जेएसएससी प्रिंसिपल्स कॉन्क्लेव 2.0 संपन्न


शिक्षा में नवाचार, नेतृत्व और भविष्य की चुनौतियों पर हुआ मंथन


जयपुर। जयपुर सहोदय स्कूल्स कॉम्प्लेक्स की ओर से आयोजित ‘जेएसएससी प्रिंसिपल्स कॉन्क्लेव 2.0’ शनिवार को होटल क्लार्क्स आमेर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ‘लीडिंग लर्निंग, शेपिंग लेगेसीज’ थीम पर आधारित इस एक दिवसीय कॉन्क्लेव में शिक्षा जगत के विशेषज्ञों, प्रधानाचार्यों और शिक्षाविदों ने भाग लेकर आधुनिक शिक्षा व्यवस्था, नेतृत्व क्षमता और भविष्य की शैक्षिक चुनौतियों पर विचार साझा किए।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता सीबीएसई के निदेशक (प्रशिक्षण) मनोज कुमार श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने शिक्षक सशक्तिकरण, क्षमता निर्माण, पेशेवर विकास और शैक्षिक सुधारों पर जोर देते हुए कहा कि विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए शिक्षकों का निरंतर प्रशिक्षण और विकास आवश्यक है।


अंतरराष्ट्रीय जीवन प्रशिक्षक एवं काउंसलर डॉ. नितिन सारस्वत ने ‘कंटेजियस एनर्जी, कंटेजियस लीडरशिप’ विषय पर विचार रखते हुए प्रभावी नेतृत्व और सकारात्मक ऊर्जा का महत्व बताया। वरिष्ठ फिल्म अभिनेता राजा मुराद ने अपने संबोधन से प्रधानाचार्यों को प्रेरित किया, जबकि हास्य कवि शंभु शिखर ने हास्य-व्यंग्य के माध्यम से समकालीन जीवन के विभिन्न पहलुओं को प्रस्तुत कर श्रोताओं का मनोरंजन किया।


 कॉन्क्लेव के विभिन्न सत्रों में भविष्य के करियर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित तकनीक, पाठ्यक्रम पुनर्गठन, डिजिटल तकनीक, वैश्विक शैक्षिक अवसर, अभिभावक-विद्यालय संबंध और कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों एवं संगठनों के विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बदलते शैक्षिक परिवेश में नई तकनीकों को अपनाने और विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने पर जोर दिया।


यह कॉन्क्लेव प्रधानाचार्यों के लिए आपसी संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान और शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार एवं प्रभावी नेतृत्व की नई संभावनाओं को समझने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।


आयोजन में  अशोक वैद, प्रधानाचार्य माहेश्वरी पब्लिक स्कूल एवं अध्यक्ष जेएसएससी, डॉ. संजय पाराशर, प्रधानाचार्य सुबोध पब्लिक स्कूल एवं उपाध्यक्ष जेएसएससी,  पुनीत कुमार त्यागी, प्रधानाचार्य स्टेप अहेड पब्लिक स्कूल एवं सचिव जेएसएससी, श्रीमती मंजू खोसला, प्रधानाचार्या जय श्री पेडीवाल ग्लोबल स्कूल एवं संगठन सचिव तथा  संदीप कुल्हारी, निदेशक इंटरनेशनल स्कूल एवं कोषाध्यक्ष जेएसएससी की प्रमुख भूमिका रही।

Comments

Popular posts from this blog

जानिए छिपकली से जुड़े शगुन-अपशगुन को

जानिए नहाने के साबुन का किस्मत कनेक्शन--पंडित दयानंद शास्त्री

चेन्नई में ज्योतिषाचार्य दिलीप नाहटा का हुआ सम्मान