70 लाख के बीमा के लिए पत्नी की हत्या, शव से लिपटकर रोता रहा पति
70 लाख के बीमा के लिए पत्नी की हत्या, शव से लिपटकर रोता रहा पति
28 दिन बाद खुला राज; 5 लाख की सुपारी देकर सड़क हादसे का रचा था षड्यंत्र, तीन आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर। पाटन क्षेत्र में गर्भवती महिला कविता चौधरी की मौत का मामला 28 दिन बाद सुलझ गया। पुलिस जांच में सामने आया कि यह सड़क हादसा नहीं, बल्कि कथित तौर पर उसके पति प्रयास पांडे की साजिश थी। पुलिस के अनुसार, पत्नी के नाम करीब 70 लाख रुपए की बीमा पॉलिसी थी और दंपती के बीच विवाद भी चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक प्रयास ने मान सिंह के जरिए तीन युवकों धनीराम, रामजी और विक्रम अहिरवार से संपर्क किया और 5 लाख रुपए में हत्या की सुपारी तय की। एक लाख रुपए अग्रिम दिए गए। 4 सितंबर की रात आरोपियों ने पिकअप से कविता की स्कूटी को टक्कर मारी और उसकी मौत हो गई। वारदात को सड़क हादसे का रूप देने के बाद प्रयास मौके पर पहुंचा और शव से लिपटकर रोता रहा।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें कथित साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी प्रयास पांडे और उसका सहयोगी मान सिंह फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

Comments