मिलावटखोरी के खिलाफ जन जागरण सेवा मंच चलाएगा अभियान

 मिलावटखोरी के खिलाफ जन जागरण सेवा मंच चलाएगा अभियान



गैर राजनीतिक मंच का गठन, भ्रष्टाचार और नारी सुरक्षा के लिए भी चलाए जाएंगे जागरूकता अभियान

जयपुर, 21 अक्टूबर। सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जन जागरण सेवा मंच का गठन किया गया है। यह पूर्णतया गैर राजनीतिक मंच होगा। मंच के प्रदेशाध्यक्ष सियाराम शर्मा ने बताया कि मंच का मुख्य उद्देश्य जनहित के विषयों को शासन-प्रशासन के समक्ष उठाना और सामाजिक जागरूकता बढ़ाना है। इसके तहत सबसे पहले खाद्य पदार्थों सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं में मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।

शर्मा ने कहा कि दूध, घी, पनीर, मिठाई, मसाले, सब्जियां, तेल, दालें, दवाइयां, पेट्रोल-डीजल, पानी, खाद, बीज और कीटनाशकों में मिलावट आमजन के स्वास्थ्य और जीवन के लिए गंभीर चुनौती है। मिलावटी खाद्य पदार्थों और दूषित वस्तुओं के सेवन से कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ता है। इससे प्रभावित परिवारों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मंच मिलावटखोरी के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाते हुए ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ जैसे अभियान संचालित करेगा।

जनजागरूकता के साथ व्यवस्था सुधार पर जोर

मंच की ओर से पहले चरण में होर्डिंग, पंपलेट, समाचार पत्र, टीवी, व्हाट्सएप, पार्कों और स्कूलों सहित विभिन्न माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इसके अलावा बैठकों, संगोष्ठियों, चर्चा-परिचर्चा और प्रभात फेरियों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

मंच की ओर से खाद्य विभाग में कर्मचारियों की कमी दूर करने, जांच संबंधी संसाधन दुरुस्त करने, प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़ाने और आमजन के लिए खाद्य पदार्थों की जांच फीस कम करने जैसे मुद्दे भी शासन-प्रशासन के समक्ष उठाए जाएंगे।

मंच के महासचिव महेंद्र सिंह ने बताया कि दूसरे चरण में भ्रष्टाचार के खिलाफ तथा नारी सम्मान और सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही जनसमस्याओं के समाधान की समय-सीमा निर्धारित करवाने और नगर पालिका, निकाय व निगम सीमा में आने वाले टोल टैक्स से मुक्ति की मांग को लेकर भी अभियान संचालित किया जाएगा।

Comments

Popular posts from this blog

जानिए छिपकली से जुड़े शगुन-अपशगुन को

जानिए नहाने के साबुन का किस्मत कनेक्शन--पंडित दयानंद शास्त्री

चेन्नई में ज्योतिषाचार्य दिलीप नाहटा का हुआ सम्मान