विद्याधर नगर स्टेडियम में सवर्ण आक्रोश सभा,
विद्याधर नगर स्टेडियम में सवर्ण आक्रोश सभा,
मांगों पर कार्रवाई को लेकर गरजे समाजों के प्रतिनिधि
यूजीसी नियमों की वापसी, आरक्षण में सुधार और सवर्ण आयोग के गठन की मांग; दिया कुमारी को सभा स्थल पर बुलाने की मांग पर बढ़ा तनाव, सीकर रोड जाम करने निकले युवाओं को पुलिस ने रोका
जयपुर। जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में रविवार को आयोजित सवर्ण आक्रोश सभा में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। यूजीसी नियमों की वापसी, आरक्षण व्यवस्था में सुधार, एससी-एसटी एक्ट में संशोधन, ईडब्ल्यूएस प्रक्रिया के सरलीकरण, सवर्ण आयोग के गठन और गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने जैसी मांगों को लेकर सभा में सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग उठी। राष्ट्रीय करणी सेना के नेतृत्व में आयोजित सभा में सुबह से ही युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों का पहुंचना शुरू हो गया। भगवा ध्वजों, नारों और देशभक्ति गीतों के बीच सभा स्थल पर माहौल गर्मजोशी से भरा रहा।
राष्ट्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत की अगुवाई में आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि समाज की मांगों को केवल आश्वासन देकर टाला नहीं जाना चाहिए, बल्कि सरकार को इन पर स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए। वक्ताओं ने सवर्ण आयोग के गठन और आरक्षण व्यवस्था में सुधार सहित विभिन्न मुद्दों पर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।
दिया कुमारी को सभा स्थल पर बुलाने की मांग, बढ़ा तनाव
सभा के दौरान कई बार तनावपूर्ण स्थिति भी बनी। कुछ वक्ताओं ने उपमुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक दिया कुमारी को सभा स्थल पर बुलाकर ज्ञापन सौंपने की मांग उठाई। वक्ताओं का कहना था कि दिया कुमारी स्वयं सभा स्थल पर आकर समाज के प्रतिनिधियों से ज्ञापन लें, इसके बाद ही सभा समाप्त कर स्टेडियम खाली किया जाएगा। इस मांग को लेकर सभा स्थल पर हलचल बढ़ गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों से बातचीत की और समझाइश के जरिए माहौल शांत कराने का प्रयास किया।
सीकर रोड जाम करने की चेतावनी, पुलिस ने युवाओं को रोका
इसी बीच युवाओं के एक समूह ने सीकर रोड जाम करने की चेतावनी दी। इसके बाद युवाओं का समूह सीकर रोड की ओर बढ़ने लगा। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें घेरकर आगे बढ़ने से रोका। पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से बातचीत कर उन्हें समझाया और वापस सभा स्थल की ओर भेजा। पुलिस की तत्परता से सीकर रोड पर जाम की स्थिति बनने से बच गई। इस घटनाक्रम के दौरान सभा स्थल पर कुछ समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
लक्ष्मी तंवर का अनशन समाप्त, मुख्यमंत्री तक मांगें पहुंचाने का आश्वासन
सभा के दौरान अनशन कर रहीं लक्ष्मी तंवर को एडिशनल एसपी बजरंग सिंह शेखावत ने जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। प्रशासन की ओर से उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद उन्होंने अनशन समाप्त किया।
आश्वासन नहीं, अब ठोस कार्रवाई चाहिए
राष्ट्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत ने कहा कि यह सभा किसी एक समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि सर्व समाज के अधिकारों और न्याय से जुड़े मुद्दों को उठाने का मंच है। उन्होंने कहा कि आरक्षण व्यवस्था में सुधार, यूजीसी नियमों की वापसी, एससी-एसटी एक्ट में संशोधन और ईडब्ल्यूएस प्रक्रिया को सरल बनाने की मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
शेखावत ने कहा कि सवर्ण आयोग का गठन कर समाज की समस्याओं के समाधान के लिए संस्थागत व्यवस्था बनाई जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन मिला है, लेकिन समाज अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस निर्णय और कार्रवाई चाहता है। सभा में उठे मुद्दों और दिया कुमारी को ज्ञापन सौंपने की मांग के बीच आयोजन का समापन प्रशासन और आयोजकों के बीच बातचीत के साथ आगे बढ़ा।







Comments