शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान
शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान
झोटवाड़ा स्थित एसके एंटरप्राइजेज के प्लांट पर कार्रवाई ,बेकरी शॉर्टनिंग’ के नाम पर विभिन्न ब्रांडों के तहत उत्पाद का निर्माण एवं बिक्री किए जाने का मामला, 2,699.2 किलो बेकरी शॉर्टनिंग सीज
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन तथा प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ के निर्देशन में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत कार्रवाई लगातार जारी है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार, अतिरिक्त आयुक्त श्री भगवत सिंह के मार्गदर्शन एवं संयुक्त आयुक्त वी.पी. शर्मा के पर्यवेक्षण में केंद्रीय खाद्य सुरक्षा दल ने जयपुर के झोटवाड़ा स्थित एम/एस एसके एंटरप्राइजेज के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट पर कार्रवाई की गई।
बेकरी शॉर्टनिंग के नाम पर तैयार हो रहा था उत्पाद—
निरीक्षण के दौरान ‘बेकरी शॉर्टनिंग’ के नाम पर चंचल, नेहा गोल्ड और जय श्री गोल्ड सहित विभिन्न ब्रांडों के तहत उत्पाद का निर्माण एवं बिक्री किए जाने का मामला सामने आया। विभाग ने उत्पाद की प्रकृति, लेबलिंग और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर जांच शुरू की है।
2,699.2 किलो उत्पाद सीज—
खाद्य सुरक्षा दल ने नमूने लेने की कार्रवाई के साथ बाजार में बिक्री के लिए तैयार 2,699.2 किलोग्राम बेकरी शॉर्टनिंग को सीज किया। विभाग की सतर्कता से त्योहारी सीजन में इस उत्पाद की बिक्री पर जांच पूरी होने तक रोक लगाई गई है। उत्पाद की गुणवत्ता और नियमानुसार लेबलिंग से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं—
अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थों के नाम या लेबल की आड़ में नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर रोक लगाने के लिए अभियान के तहत निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई जारी रहेगी।

Comments